मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई जबकि जिले में 13 लोग और कोरोना पॉजिटिव पाएगए हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 666 हो गई है। 487 संक्रमित अब तक ठीक हो चुके हैं। 12 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 167 संक्रमितों का वर्तमान में उपचार चल रहा है।
बरनाहल क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी 25 वर्षीय महिला का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान कराई गई जांच में वह कोरोना संक्रमित निकली। रविवार देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है।
शहर के मोहल्ला अग्रवाल में दो, अवाबाग कॉलोनी में दो, आवास विकास, खरगजीत नगर, पंजाबी कॉलोनी, करहल चौराहा और देवी रोड पर एक-एक कोरोना संक्रमित पाया गया। कस्बा बेवर में दो और कस्बा करहल में दो कोरोना संक्रमित मिले। सभी संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया। संबंधित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए लोगों को आने जाने पर रोक लगा दी गई है।