दफ्तरों में नहीं कोविड हेल्प डेस्क, सैनिटाइजर मशीन बनीं शोपीस
मैनपुरी। कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन की दस्तक से सरकार चिंतित है। शहर के सैनिक स्कूल में पांच छात्र कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं इंतजामों के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है। आमजन की बात छोड़िए सरकारी दफ्तरों में भी निगरानी नहीं की जा रही। कोरोना काल में सरकारी दफ्तरों में बनाई गईं कोविड हेल्प डेस्क अब नजर नहीं आतीं। अधिकांश विभागों से सैनिटाइजर मशीनें गायब हैं। जहां लगी हैं वह भी खराब हैं। स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी किसी भी सरकारी दफ्तर में नहीं है। कुल मिलाकर आमजन से लेकर सरकारी तंत्र फिलहाल कोरोना से निपटने के लिए तैयार नहीं है।
डीएम कार्यालय : नहीं है हेल्प डेस्क
कोरोना काल में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए डीएम कार्यालय में कोरोना हेल्प डेस्क सक्रिय थी। यहां आने वाले फारियादियों की जांच, स्क्रीनिंग होती थी। मौजूदा समय में यहां सैनिटाइजर मशीन भी चालू हालत में नहीं है।
-----
विकास भवन में नहीं होती स्क्रीनिंग
विकास भवन के मुख्य द्वार पर कोरोना हेल्प डेस्क संचालित थी। एक कर्मचारी की ड्यूटी रहती थी, जिसका काम आने वाले व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग करना और हाथों को सैनिटाइज कराना था। कोरोना की रफ्तार सुस्त हुई तो यहां हेल्प डेस्क भी निष्क्रिय हो गई। हेल्प डेस्क के नाम पर यहां सिर्फ मेज कुर्सी पड़ी है। वहीं सैनिटाइजर मशीन भी खराब है।
-----
बीएसए कार्यालय : शोपीस बनी सैनिटाइजर मशीन
बीएसए कार्यालय में भी अब हेल्प डेस्क नहीं है। यहां लगी सैनिटाइजर मशीन शोपीस बनी हुई है। यहां हर रोज सैकड़ों की संख्या में शिक्षक और आमजन का आना जाना रहता है। ऐसे में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच यहां लापरवाही बरती जा रही है।
-----
नगर पालिका : बचाव के इंतजाम में नगर पालिका पीछे
कोरोना से बचाव के इंतजाम में नगर पालिका फिलहाल पीछे है। नगर पालिका कार्यालय में बनी हेल्प डेस्क अब सक्रिय नहीं है। यहां लगी सैनिटाइजर मशीन गायब हो चुकी है। नगर पालिका कार्यालय ऐसा स्थान है जहां शहरभर से लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं। बढ़ते खतरे के बीच कोरोना के प्रति पालिका की ओर से अनदेखी ठीक नहीं है।
-----
जिले में अब तक यह है स्थिति
- 9.73 लाख लोगों की अब तक जिले में हो चुकी है कोरोना जांच
- 10028 लोग जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए
- 182 लोगों की कोरोना संक्रमण से हो चुकी है मौत
- 05 कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस हैं जिले में
----
बस स्टैंड पर हो रही जांच, स्टेशन पर व्यवस्था नहीं
कोरोना का खतरा बढ़ते ही रेलवे स्टेशन पर जांच शुरू हो गई है। यहां आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर उनकी एंटीजन जांच की जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन पर जांच की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां हेल्प डेस्क भी नहीं है। न ही सैनिटाइजर की व्यवस्था है।
----
वर्जन....
सभी कार्यालध्यक्षों को हेल्प डेस्क लगाने और सैनिटाइजर मशीन संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही सभी कार्यालयों में व्यवस्था शुरू हो जाएगी। लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें। -विनोद कुमार, सीडीओ/प्रभारी अधिकारी कोविड-19