हाइवे थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में रविवार सुबह चार बजे के करीब बाइक के विवाद में युवक ने अपने फुफेरे भाई को गोली मार दी। गोली युवक की जांघ में लगी। आरोपी तमंचे में दूसरा कारतूस डालने लगा तब तक घायल ने उसे पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई हुई तो आरोपी ने तमंचे की बट घायल के सिर में मारी। इससे वह बेहोश होकर गिर गया। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर भाग गया। पुलिस ने घायल के भाई के तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव सलेमपुर निवासी हरीश चंद गोला ने बताया कि ढाई साल पहले उसके भाई रवि के नाम पर महोली रोड निवासी ममेरे भाई राम ने बाइक खरीदी थी। कुछ समय तक तो बाइक की किस्त जमा की, लेकिन अचानक किस्त देना बंद कर दिया। फाइनेंस वाले उसके भाई रवि को परेशान करने लगे। इस पर रवि ने राम को बाइक की समय पर किस्त देने के लिए बोला। उसने किस्त जमा करने के लिए मना किया तो रवि ने उससे जमा किस्त के पैसे लेकर बाइक देने को कहा। इस पर भी वह तैयार नहीं हुआ। इसको लेकर दोनों के बीच में कहा सुनी भी हुई, लेकिन मामला रफा-दफा हो गया। करीब पांच माह पहले रवि ने राम से बाइक को ले लिया, लेकिन बाइक की आरसी राम ने नहीं दी। करीब पांच माह बाइक एआरटीओ कार्यालय से चोरी हो गई।
रवि ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। क्लेम के लिए रवि को बाइक की आरसी की आवश्यकता थी। इसलिए वह राम से बाइक की आरसी की मांग करने लगा, लेकिन राम उसे आरसी देने के लिए तैयार नहीं था। रविवार की सुबह चार बजे के करीब राम ने फोन करके रवि को गांव से कुछ दूरी पर स्थित सीमेंट की टाल पर आरसी देने के लिए बुलाया। जैसे ही रवि मौके पर पहुंचा राम ने तमंचा निकाला और फायर कर दी। गोली रवि की जांग में लगी और वह गिर गया।
राम को तमंचे में दूसरा कारतूस डालने देख रवि खड़ा हुआ और अपनी जान बचाने के लिए उससे भिड़ गया। आरोप है कि राम ने तमंचे की बट से रवि के सिर में प्रहार किए। इससे वह बेहोश हो गया। रवि को मरा हुआ समझकर राम मौके से भाग गया। जानकारी होते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायल के भाई हरीश चंद की तहरीर पर राम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, यहां से उसे जेल भेज दिया।
गांव सलेमपुर में बाइक के विवाद में फुफेरे भाई को गोली मारने की सूचना मिली थी। हाईवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में हाजिर किया, यहां से उसे जेल भेज दिया।