मैनपुरी। मैनपुरी बार एसोसिएशन के वकीलों ने बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार किया। दीवानी से कलक्ट्रेट पहुंचकर वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। ज्ञापन में एटा में एक वकील और उसके परिवारीजनों के साथ बर्बरता करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को मैनपुरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कृष्ण पांडेय के नेतृत्व में दीवानी के वकील कलक्ट्रेट पहुंचे। मुख्यमंत्री को संबांधित ज्ञापन कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि एटा में पुलिस ने अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा सहित उनकी पत्नी और बच्चों के साथ की गई कार्रवाई से वकीलों में आक्रोश है। एटा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के मामले में दोषी पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाए।
पीड़ित अधिवक्ता और उसके परिवारीजनों को न्याय दिलाया जाए। इस मौकेे पर बार एसोसिएशन के सचिव ब्रजेंद्र सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष सौरभ यादव, संतोष यादव राजू, पवन मिश्रा, विपिन चतुर्वेदी, जगदीश सिंह यादव, प्रवीन कुमार यादव मौजूद रहे।