मैनपुरी। कोरोना संक्रमण के चलते अदालतों में शुरू की गई ई-फाइलिंग और वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई के संबंध में वकीलों को प्रशिक्षण देकर जागरूक किया जाएगा। मास्टर ट्रेनर के रूप में एटा के सिविल जज सीनियर डिवीजन 25 जुलाई को मैनपुरी के वकीलों को सेमीनार में नई व्यवस्थाओं के संबंध में प्रशिक्षण देंगे।
कोरोना संक्रमण के चलते अदालतों में मुकदमों की सुनवाई की प्रक्रिया में बदलाव हुआ है। हाईकोर्ट के निर्देश पर मुकदमों के संबंध में ई-फाइलिंग शुरू कराई गई है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी मुकदमों की सुनवाई की जा रही है। प्रक्रिया में बदलाव के बाद हाईकोर्ट ने वकीलों को नई व्यवस्थाओं ई-फाइलिंग, वीडियो कांफ्रेंसिंग, ई-कोर्ट सर्विस के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। वकीलों को जागरूक करने के लिए हाईकोर्ट ने एटा के सिविल जज सीनियर डिवीजन सौरभ कुमार वर्मा मास्टर ट्रेनर नामित किए हैं। मैनपुरी बार एसोसिएशन के सचिव ब्रजेंद्र सिंह यादव ने सेमीनार में भाग लेनेे वाले वकीलों से 18 जुलाई तक बार एसोसिएशन में आवेदन जमा करने को कहा है।
जिला जज एटा ने पत्र भेजा
जिला जज एटा रेणु अग्रवाल ने जिला जज तेजप्रताप तिवारी को पत्र भेजा है। पत्र में कहा है एटा के सिविल जज सीनियर डिवीजन सौरभ कुमार वर्मा को हाईकोर्ट द्वारा मास्टर ट्रेनर नामित किया गया है। इस संबंध में वकीलों को सूचना दी जाए। जिला जज ने बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कृष्ण पांडेय को पत्र लिखकर प्रशिक्षण के संबंध में वकीलों से औपचारिकताएं पूरी कराने को कहा है।