19एमएनपी-06-दीवानी में संक्रमित मिलने पर मुख्य गेट पर तैनात पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। दीवानी न्यायालय के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने केे बाद दो दिन के लिए दीवानी न्यायालय को बंद कर दिया गया है। जिला जज के आदेश पर सीएमओ ने दीवानी परिसर और न्यायालयों को सैनिटाइज कराया। सुरक्षा के लिहाज से मुख्य गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। छुट्टी बिताकर लौटे 20 न्यायिक कर्मचारियों की जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने कोरोना जांच कराई थी। रिपोर्ट में एक न्यायिक कर्मचारी संक्रमित निकला। संक्रमित को भोगांव में भर्ती कराया गया है। 22 जून को दीवानी न्यायालय खुलेंगे। जिला जज ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और सीएमओ डॉ. एके पांडेय को पत्र लिखकर न्यायालय सैनिटाइज कराने के कहा। जिला जज ने इस संबंध में हाईकोर्ट इलाहाबाद को भी सूचना दे दी।
आगरा से लौटा था कर्मचारी
कर्मचारी आगरा का रहने वाला है। वह एक सप्ताह पहले ही आगरा से मैनपुरी आया था। कर्मचारी मैनपुरी में जिस मकान में रहता है, उस मकान में रहने वाले अन्य लोगों की भी प्रशासन कोरोना जांच कराने की तैयारी कर रहा है।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हुई जांच
कोरोना महामारी के चलते हाईकोर्ट ने छुट्टी के बाद काम पर लौटने वाले सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच कराने के आदेश दिए हैं। इसके चलते ही 20 कर्मचारियों की जांच कराई गई।