मैनपुरी। बृहस्पतिवार को अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक कैंप कार्यालय सेशन हाउस में जिला जज की अध्यक्षता में हुई। जिला जज ने कहा कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन किया गया है। नए बंदियों को 15 दिन में आइसोलेट बैरक में रखा जाए। जेल की बैरकों को नियमित रूप से सैनिटाइज कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जेल में नए बंदियों को मेडिकल जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए। संक्रमण रोकने के लिए जेल में आने वाले नए बंदियों पर चौकसी बरतने की जरूरत है। जेल में आने वाले नए बंदियों की फैमिली ब्योरा और ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी की जाए। संदिग्ध महसूस होने पर नए बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। बंदियों के लिए सैनिटाइजर, मास्क वितरित कराए जाएं। जेल अधीक्षक जेल परिसर में नियमित रूप से साफ सफाई की व्यवस्था कराएं। विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अपर जिला जज अवनीश गौतम, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा मौजूद रहे।