कासगंज। विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट सुधाकर राय के न्यायालय ने एक मुकदमे के साक्षी गणों के उपस्थित न होने एवं प्रोसेस को तामील न कराने को गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने इसके लिए पटियाली के थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विशेष सत्र परीक्षण संख्या 91/2016 राज्य बनाम अनिल अभियोजन साक्ष्य के लिए लंबित चल रहा है। इस प्रकरण में एफआईआर लेखक व विवेचक के साक्ष्य होने हैं।
इनको न्यायालय में साक्ष्य को उपस्थित होने के लिए बार बार सम्मन जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद भी दोनों ही पुलिस कर्मी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। प्रोसेस पर भी कोई तामील नहीं कराया गया है। जिससे अभियुक्त गण का शीघ्र विचारण का संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहा है। कोर्ट ने इस लापरवाही के लिए पटियाली थाना प्रभारी को 20 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होकर साक्षी गण को जारी प्रोसेस की तामील न हो पाने का कारण बताने के आदेश जारी किए हैं।