किशनी में बिधूना चौराहे से ग्राम बसैत जाने बाले मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दंपती के साथ बाइक सवार 6 बदमाशों ने लूट कर ली। पीड़ित के मुताबिक तीन अपाचे पर आए बदमाशों ने दंपती के हाथ से 8 माह की बच्ची छीनकर फेंकने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाडे़ हुई इस वारदात को लेकर पीड़ित दंपती ने थाने में तहरीर दी है।
ये घटना कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव बोझी पलिया निवासी ममता देवी पत्नी आदित्य विक्रम शाक्य के साथ हुई। बताया गया है कि वे शनिवार दोपहर 2 बजे अपने गांव बोझी से अपनी ननद मीना शाक्य निवासी ग्राम बरहा थाना किशनी मेले के उत्सव में अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी रास्ते में किशनी चौराहे से हरिसिंह पुर बसैत मार्ग पर तीन अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर दंपती को घेर लिया।
पति से की जमकर मारपीट
तीन बाइकों पर 6 बदमाश थे, जिनमें से चार के पास तमंचे थे। ममता ने बताया कि बदमाशों ने दो बाइकें उनकी मोटरसाइकिल आगे लगा दीं। इसके बाद पति आदित्य विक्रम को मारने पीटने लगे। बदमाशों ने ममता की ब्रजबाला, जंजीर, अंगूठी, पायलें व पर्स में रखे एक हजार रूपये लूट लिए, जिसके बाद बदमाश ममता की गोद से 8 माह की बच्ची को छीनकर फेंकने की धमकी देकर वापस बिधूना चौराहे की तरफ भाग गये। डर की वजह से दंपती ने शोर तक नहीं मचाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद दहशत में आए दंपति ने किसी को कुछ नहीं बताया और सीधे गंतव्य की ओर रवाना हो लिए। आदित्य अपनी बहन मीना शाक्य के यहां गया और पूरी वारदात बताई, जिसके बाद शाम 6 बजे वे दोनों थाने शिकायत करने पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।