आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित एक रेडीमेड गारमेंट शोरूम पर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से डुप्लीकेट कपड़े बेचे जा रहे थे। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारकर 147 डुप्लीकेट परिधान बरामद किए हैं।दुकान संचालक के खिलाफ ट्रेड मार्क एक्ट व कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फरीदाबाद निवासी महेश सिंह नैत्रिका कंसल्टिंग इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर हैं।उन्होंने ने बताया कि उनकी कंपनी को टॉमी हिलफिगर और काल्विन क्लेन ब्रांड की ओर से नकली उत्पादों की पहचान और कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया है। मार्केट सर्वे में कारगिल चौराहा स्थित कुंतल्स मेंस प्रीमियम क्लोदिंग पर दोनों ब्रांड के नाम से संदिग्ध नकली उत्पाद बेचे जाने की जानकारी मिली थी। 16 जुलाई को पुलिस टीम ने कंपनी के एक्सपर्ट अखिलेश के साथ दुकान पर छापा मारा।
जांच में टॉमी हिलफिगर ब्रांड की 22 टी-शर्ट, सात जींस और 55 शर्ट मिलीं।इसके साथ ही काल्विन क्लेन ब्रांड की आठ टी-शर्ट, पांच जींस और 50 शर्ट, कुल 147 डुप्लीकेट परिधान बरामद हुए। कंपनी के एक्सपर्ट ने सभी को नकली बताते हुए जब्त कराया। दुकान के मालिक की पहचान गंगानगर पश्चिमपुरी निवासी संजय कुंतल के रूप में हुई है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि दुकान संचालक के खिलाफ ट्रेड मार्क एक्ट और कॉपीराइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।