चेयरमैन और ईओ के कक्ष में ताला लगाते पार्षद
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में नगर पालिका अध्यक्ष (चेयरमैन) के विरुद्ध आंदोलन कर रहे सभासदों का विरोध प्रदर्शन लगातार 16वें दिन भी जारी रहा। अधिशासी अधिकारी से मांगी गई जानकारी निर्धारित समय में न दिए जाने पर सभासदों ने सोमवार को पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के कक्ष में ताला डाल दिया। आक्रोशित सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के विरुद्ध नारेबाजी की।
नगर पालिका क्षेत्र में जनता की समस्याओं का निस्तारण न होने और पालिका के कार्यों में चेयरमैन के पति का हस्तक्षेप किए जाने को लेकर नगर पालिका के सभासद 28 फरवरी से विरोध कर रहे हैं। सोमवार को 16वें दिन सभासद अपने नेता राजीव मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नगर पालिका सभागार में बैठक की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिशासी अधिकारी को नौ मार्च को पत्र देकर तीन दिन में जो जानकारियां मांगी गई थीं वे अभी तक नहीं दी गई हैं। सभागार से आक्रोशित सभासद बाहर निकले और सबसे पहले चेयरमैन मनोरमा देवी के कक्ष में ताला डाल दिया। इसके बाद अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और और अवर अभिंयता के कक्ष में ताला डाल दिया। सभासदों तालाबंदी के साथ चेयरमैन के विरुद्ध नारेबाजी की।