करहल। वार्ड नंबर 6 मोहल्ला बाग वृंदावन की समस्या को लेकर शिकायत करने पर अनुसूचित जाति की सभासद के पति को चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी ने धमकी दी। आरोप लगाते हुए महिला सभासद ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है।
कस्बा के मोहल्ला बाग वृंदावन निवासी अनुसूचित जाति की सभासद नीलम ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजा है। आरोप लगाया है कि वह लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समक्ष पति व अन्य सहयोगियों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं थीं। तभी से चेयरमैन उनसे व पति से रंजिश मान रहे हैं।
तेज गर्मी और धूप से आम जन मानस पशु पक्षी बेहाल है। ऐसे में उनके वार्ड के चार पांच नल खराब हैं। इन्हें सही कराने के लिए कई बार चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी से शिकायतें कि लेकिन नल ठीक नहीं हुए। मोहल्ले में हनुमान मंदिर के पास लगा फ्रीजर भी काफी समय से खराब है। उसे भी आज तक ठीक नहीं कराया गया।
इसकी शिकायत एसडीएम से की तो इसी बात से नाराज होकर 29 मई को नगर पंचायत करहल पर पति को बुलाया गया। वहां पति को गालियां देकर अपमानित किया गया। कहा कि अपने मंत्री से रुपया लेकर आ। तब तेरे वार्ड में काम होगा। पति के साथ मारपीट करने पर आमादा हो गए। पीड़िता ने एसपी से शिकायत दर्ज किए जाने की मांग की है।