मैनपुरी। गर्मियों की लंबी छुट्टियों के बाद स्कूल खुले तो भारतीय प्राचीन संस्कृति की अनोखी छटा नजर आई। स्कूलों में मंगल कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसके साथ ही लगभग डेढ़ महीने बाद स्कूल बच्चों से गुलजार हो गए। शासन के निर्देश पर स्कूलों में बच्चाें का प्रवेश द्वार पर ही शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मंगल तिलक लगाकर स्वागत किया।
शासन ने 28 जून से परिषदीय स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार से परिषदीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने पहुंचना शुरू कर दिया। स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं का स्वागत मंगल तिलक लगाकर किया गया। स्कूलों में यह व्यवस्था देख छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्र-छात्राओं का स्कूल में पहला दिन अवकाश के दिन की बातों के बीच गुजरा। किसी ने अपनी ननिहाल के किस्से सुनाए तो किसी ने अपने माता-पिता के साथ भ्रमण की जानकारी दी। शिक्षक- शिक्षिकाओं ने भी अवकाश की बातों को बच्चों के साथ शेयर किया।