मैन ऑफ द मैच का खिताब देते अतिथि
आगरा। दयालबाग स्थित कॉसमॉस क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे कॉसमॉस क्रिकेट कप में सोमवार को कॉसमॉस गैलेक्सी ने एकतरफा मुकाबले में कॉसमॉस जायंट्स को 141 रनों से करारी शिकस्त दी। शिवम सागर के शानदार शतक और ऋतिक सिंह के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर गैलेक्सी ने यह बड़ी जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कॉसमॉस गैलेक्सी की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में 5 विकेट खोकर 304 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शिवम सागर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए महज 83 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। इसके अलावा ऋतिक सिंह ने 74, नेहा यादव ने 60 और माधव सिंह ने 20 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। कॉसमॉस जायंट्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए रितेश यादव ने तीन और मयंक चौहान ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉसमॉस जायंट्स की टीम गैलेक्सी के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 27.2 ओवरों में महज 164 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए प्रांशु शर्मा ने 38, दिव्यांशु राजपूत ने 34 और मयंक चौहान ने 19 रन बनाए। कॉसमॉस गैलेक्सी के ऋतिक सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए, जबकि अर्नव भारद्वाज और अभिज्ञा सिंघल ने 2-2 विकेट लिए। मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा ने शानदार शतकीय पारी के लिए शिवम सागर को प्लेयर ऑफ द मैच और शानदार गेंदबाजी के लिए रितेश यादव को फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।