कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के साथ आगरा की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। अब वे लोग संक्रमित मिल रहे हैं, जिनका संपर्क रोजाना कई लोगों से होता है। शहर के दो सब्जी विक्रेताओं के बाद एक थोक दवा की दुकान का कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
शनिवार रात को एक साथ 45 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इससे जहां संक्रमितों का आंकड़ा 241 पर पहुंच गया, वहीं नए मरीजों से ताजनगरी के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। नए संक्रमितों में दवा की दुकान का कर्मचारी और एक सब्जी विक्रेता है।
दवा की दुकान शहर के फव्वारा दवा बाजार में है। रविवार को दवा बाजार को सैनिटाइज किया गया। विजय नगर कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। वो बसई मंडी से ऑटो से सब्जी लाता है। इसके बाद ठेल पर विजय नगर और गांधी नगर में बेचता था।