मथुरा जिले में शुक्रवार को सात और कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इससे कोरोना संक्रमितों की संख्या 230 हो गई है। उधर,कस्बा राया निवासी एक और कोरोना संक्रमित की मौत हो गई है। संक्रमित मरीज का उपचार निजी हॉस्पिटल में चल रहा था। जिले में अब कोरोना संक्रमित मृतक बढ़कर आठ हो गई है। राया में यह दूसरी मौत है।
देर शाम आई रिपोर्ट में रागेरा मोहल्ला सदर बाजार से 26 वर्षीय प्रवासी, बलदेव से 26 वर्षीय प्रवासी, सुम्मेरा राया से 67 वर्षीय, राया से ही 65 वर्षीय वृद्ध शामिल है। चौमुहां ब्लॉक के गांव कौंकेरा से 26 वर्षीय प्रवासी वहीं मथुरा के हॉस्पिटल स्टाफ से 56 वर्षीय अधेड़ के साथ निजी अस्पताल से 26 वर्षीय कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पांच अन्य केस भी मिले हैं, जो जिले में जोड़े नहीं जाएंगे।
कस्बा राया के लंकापुर निवासी 59 वर्षीय बुजुर्ग उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की बीमारी से ग्रसित थे। परेशानी होने पर उन्हें मथुरा मार्ग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वो चार दिन तक भर्ती रहे। हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें मथुरा ले गए। यहां पहले नयति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बुधवार शाम उनकी जांच कोरोना पॉजिटिव आई तो खलबली मच गई। इसके बाद केडी मेडिकल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां गुरुवार रात उनकी मौत हो गई।