आगरा में जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को सिपाही से लेकर पुलिस अधिकारी तक सड़कों पर मुस्तैद रहे। पुलिस ने घर से निकले लोगों से पूछताछ की। आवश्यक कार्य होने पर ही जाने दिया गया। जो लोग घर से निकलने का कोई कारण नहीं बता सके उन्हें सख्त हिदायत देकर वापस भेज दिया गया।
जनता कर्फ्यू के एलान के बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने अलर्ट कर दिया था। जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस की व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई थी। रविवार को सुबह छह बजे से ही अधिकारी अलग-अलग इलाकों में गाड़ियों से भ्रमण करते रहे।
चौराहों पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद एमजी रोड पर निकले। यहां पर वाहनों से जा रहे लोगों को रोका। उन्हें समझाया गया। सिर्फ आवश्यक कार्य होने पर ही निकलने की अपील की। इसके बाद एसपी सिटी सदर, ताजगंज, न्यू आगरा, सिकंदरा, लोहामंडी सहित अन्य क्षेत्रों में गए।