उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन चुके आगरा में तीन मई तक किसी तरह की कोई छूट नहीं दी जाएगी, बल्कि सोमवार से सख्ती और बढ़ेगी। जोमैटो और स्विगी की होम डिलीवरी बंद कर दी गई है। सब्जी भी वे ही लोग बेच पाएंगे, जिनके पास इसकी अनुमति होगी।
दूध केवल पैकेट वाला ही सप्लाई किया जाएगा।
रविवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में निर्देश दिए कि हॉटस्पॉट वाले जिलों में लॉकडाउन की अवधि में कोई छूट न दी जाए। इसके बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि अब प्रशासन आगरा को हॉट जोन मानकर काम कर रहा है।
जिले में लॉकडाउन जैसे चल रहा है, वायरस की चेन ब्रेक करने के लिए बगैर किसी छूट के वैसे ही चलेगा। जोमैटो-स्विगी जैसी खाने के सामान की सभी ऑनलाइन डिलीवरी भी अब बंद रहेंगी। हॉटस्पॉट घोषित क्षेत्रों में मोबाइल एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।