ताजनगरी में बृहस्पतिवार को आठ नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 335 हो गई। इनमें से 56 फीसदी 21 से 40 साल के नौजवान हैं। यह आंकड़ा इसलिए चौंका रहा है क्योंकि नौजवानों में प्रतिरोधक क्षमता अधिक होती है।
इसके उलट 61 से 80 साल के बुजुर्गों में संक्रमण कम मिला है, जबकि इनके लिए खतरा ज्यादा बताया जा रहा है। पिछले 10 दिनों में मिले मरीजों में युवा ज्यादा हैं। पहले 21 से 40 साल तक के 45 फीसदी थे। अब 11 फीसदी बढ़ गए हैं।
कुल संक्रमितों में 72 फीसदी पुरुष और 28 फीसदी महिलाएं हैं। यदि नौजवानों से लेकर बुजुर्गों तक के ग्राफ को देखें तो जैसे-जैसे उम्र ज्यादा है, वैसे-वैसे संक्रमण कम है। संक्रमितों में 27.5 प्रतिशत 41 से 60 साल उम्र वाले हैं। 6.5 प्रतिशत 61 से 80 वर्ष के। संक्रमितों में 20 वर्ष से कम वाले भी कम है। 10 प्रतिशत नौ से 19 साल के हैं।