मैनपुरी जिले में सोमवार को तीन बैंककर्मियों सहित 15 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 496 पहुंच गई है। अब तक 335 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12 की मौत हो चुकी है। 148 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
शहर के मोहल्ला आवास विकास में एक दंपती, गाड़ीवान में एक युवती और लेनगंज में एक दुकानदार को संक्रमण ने चपेट में ले लिया। थाना दन्नाहार में तैनात एक मुंशी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इसके साथ ही कुरावली स्थित बैंक ऑफ इंडिया के तीन बैंककर्मियों के साथ कुल सात लोग संक्रमित मिले।
कस्बा घिरोर के करहल रोड निवासी दो लोग संक्रमित पाए गए। कस्बा करहल के मोहल्ला खेड़ा में एक युवक पॉजिटिव मिला। करहल निवासी युवक सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। जबकि अन्य 14 को आइसोलेशन वार्ड भोगांव में भर्ती कराया गया है।
एक मरीज की हालत बिगड़ी
शहर के मोहल्ला कटरा निवासी एक कोरोना संक्रमित मरीज की सोमवार को आइसोलेशन वार्ड भोगांव में हालत बिगड़ गई। उसे मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। भोगांव से एक किशोर को हालत बिगड़ने पर लेवल टू जिला अस्पताल मैनपुरी भेजा गया।
कुरावली 72 घंटे के लिए सील
कुरावली के मोहल्ला महाजनान में दो, कौआटोला में एक, वैदनटोला में एक, दक्षिणी फर्दखाना में तीन बैक ऑफ इंडिया के कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन में खलबली मच गई। इसके बाद प्रशासन ने कस्बे को 72 घंटे के लिए सील कर दिया।
एसडीएम अनूप कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्यकर्मी अमित कुमार ने संक्रमित लोगों को कोविड अस्पताल भिजवाया। एसडीएम ने सीओ डीपी गॉड, इंस्पेक्टर शिवकुमार चौहान, पुलिसकर्मियों तथा नगर पंचायत कर्मियों के साथ नगर की प्रत्येक गली को 72 घंटों के लिए सील कर दिया।
66 के सैंपल जांच के लिए भेजे
सोमवार को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्साधीक्षक डॉ. मुनींद्र सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित बैंककर्मियों के संपर्क में आने वाले 66 लोगों की सैपलिंग की। टीम में डॉ. जगतबंधु, फार्मासिस्ट किशनपाल, एलटी सत्यजीत, दिलीप, दीप सिंह, राजीव, पंकज शामिल रहे।