मथुरा जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू हो गया है। मंगलवार को पहली बार नए संक्रमितों का आंकड़ा 500 के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में कोरोना के 521 नए मामले सामने आए हैं। जिले में अब कोरोना के 3110 एक्टिव केस हो गए हैं। मंगलवार को दो मरीजों की मौत भी हुई है। इससे पूर्व सोमवार को कोरोना संक्रमण से दो मरीजों की मौत हो गई, जबकि 450 लोग पॉजिटिव मिले थे।
राया में कोरोना संक्रमित की मौत
कस्बा राया में कोरोना संक्रमित युवा व्यापारी की मौत हो गई। नगर पंचायत द्वारा कालोनी को सील कर सैनेटाइजेशन कराया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ. तुलाराम ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर बेहद खतरनाक है, दो गज दूरी और मास्क का प्रयोग बहुत ही अनिवार्य है।
राधाकुंड में तीन लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
राधाकुंड के गोस्वामी मोहल्ले में दो दिन पूर्व एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई थी। इसी दौरान मृतकों के परिवारजनों के सैंपल लिए गए। जांच में परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। मंगलवार को गोस्वामी मोहल्ला को हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित करते हुए सील किया गया।