एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि शादी समारोह की अनुमति के लिए किसी को कलक्ट्रेट और तहसील नहीं आना पड़ेगा। संबंधित थाना प्रभारी को आयोजन की सूचना देनी होगी। थाना स्तर से ही पुलिस कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराएगी। बैंड-बाजा, साउंड सिस्टम बजाने पर प्रतिबंध है। कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध धारा 144 और 188 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
100 लोगों की क्षमता तो 50 आएंगे
एडीएम सिटी ने बताया कि मैरिज होम या घर में लोगों की क्षमता के 50 फीसदी लोग ही समारोह में शामिल हो सकते हैं। यदि मैरिज हॉल की क्षमता ही 100 लोगों की है तो वहां 50 लोग ही आ सकेंगे। इससे अधिक लोग एकत्र मिलने पर कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जाएगा।
मुख्यमंत्री के आदेश का इंतजार
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि मौखिक निर्देश के आधार पर सामूहिक गतिविधियों में एकत्र होने वाले लोगों की संख्या घटाई है। शासन से आदेश प्राप्त होते ही इसे बिंदुवार सख्ती से लागू कराया जाएगा।
शादी समारोहों के इंतजाम से जुड़े कारोबारियों ने बताया कि 25 नवंबर के सहालग में 950 से अधिक शादियों की बुकिंग है, जो अब नए फरमान से प्रभावित होंगी। इन समारोहों में कैटरिंग, होटल, मैरिज होम से लेकर बैंड बाजों तक पूरा इंतजाम बदलना होगा। अभी तक छह तहसीलों में थाना स्तर पर आगामी सहालगों की सूचना के लिए 380 से अधिक प्रार्थनापत्र आए हैं।
तैयारियों में करना पड़ेगा बदलाव
बैंक्वेट हॉल संचालक मोहन सैनी ने कहा कि बैंक्वेट हॉल बुक करने वालों को पहले ही कम से कम लोगों को बुलाने के लिए समझा रहे थे। अब 100 लोगों के हिसाब से तैयारी बदली जाएंगी। 90 फीसदी हॉल बुक हैं। सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
बैंड से साउंड पहले ही हटा दी
सुधीर बैंड संचालक सुनील शर्मा ने बताया कि बैंड की बुकिंग पहले ही कम थी। बैंड में 30 लोगों की जगह हम 10 से 15 लोग रख रहे थे। साउंड सिस्टम हटाने से आठ-दस लोग पहले ही कम हो गए थे। प्रशासन से अनुमति के संबंध में बात करेंगे।
आगरा कैटरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि 150 कैटरिंग वाले थे। सभी के पास बुकिंग थी। 35 हजार लोगों के खाने का आर्डर था। अब पूरा मैन्यु बदलना पड़ेगा। इसमें नुकसान है। बुकिंग करने वालों के फोन आ रहे हैं। ऑर्डर में फेरबदल होगा।
अब ज्यादा मुश्किलें आएंगी
वेडिंग प्लानर मनोज शर्मा ने कहा कि देवोत्थान पर शादियों की बुकिंग अच्छी थी, लेकि न इस आदेश के बाद लोग असमंजस में हैं। सभी तैयारियों को बदलना पड़ेगा। होटल के कमरे, खाने, नाश्ते समेत सभी व्यवस्थाएं बदलेंगी। अब ज्यादा मुश्किलें आएंगी।