ताजनगरी में कोरोना संक्रमण ज्यादा होने के कारण कोई राहत नहीं दी गई है। न सरकारी दफ्तर खुलेंगे। न ही उद्योग। ताजमहल सहित सभी स्मारक भी बंद ही रहेंगे। हालांकि आवश्यक सेवाएं ज्यों की त्यों जारी रहेंगी। बैंक और एटीएम जैसे पहले खुल रहे थे, वैसे ही खुलते रहेंगे। मेडिकल स्टोर भी दवाइयों की होम डिलीवरी कर सकेंगे।
इसी तरह अन्य आवश्यक सामान की होम डिलीवरी की जाएगी। नगर निगम, कलक्ट्रेट और पुलिस के दफ्तरों में भी आवश्यक कार्य ही होंगे। स्वास्थ्य सेवाओं में भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। निजी अस्पताल 25 से 30 फीसदी स्टाफ के साथ पीपीई किट पहनते हुए और क्वारंटीन का पालन करते हुए खुल सकते हैं।
पेट्रोल पंपों की व्यवस्था में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह का कहना है कि तीन मई तक के लिए किसी को कोई राहत नहीं है। लोग घरों में रहें और सामाजिक दूरी का पालन करें।
घर बैठे ले सकते हैं पेंशन
पेंशनधारकों को पेंशन के लिए डाकघर जाने की जरूरत नहीं है। पेंशन घर पहुंचेगी। उन्हें सिर्फ 9548526990 पर कॉल करना है। व्हाट्सएप भी कर सकते हैं। पोस्ट ऑफिस की टीम घर पहुंचकर पेंशन का भुगतान करेगी। मोबाइल वैन के जरिए यह सेवा दी जा रही है। अब तक 80 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
दूध, सब्जी वालों के अनुमति पत्र चेक करेगी पुलिस
एसएसपी बबलू कुमार ने निर्देश दिए हैं कि शहर में जो दूधिया घर घर दूध की सप्लाई कर रहे हैं, उनके अनुमति पत्र चेक किए जाएंगे। जिनके पास अनुमति नहीं है, उन्हें वितरण न करने दिया जाए। इसी तरह सब्जीवाले भी वे ही सब्जी लाकर बेच पाएं जिन्हें अनुमति मिली है।
पिछले कुछ दिनों में कई ऑटो वालों और अन्य लोगों ने सब्जी बेचना शुरु कर दिया है। इन्हें अनुमति नहीं दी गई है। अगर ये लोग सब्जी बेचते मिलें तो इस पर केस दर्ज किया जाए।
हर चौराहे पर लगे बैरियर
एसएसपी बबलू कुमार ने सोमवार से वाहनों की चेकिंग और तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब सिर्फ यह नहीं देखेगी कि कोई जरूरी काम से निकला है, यह भी चेक किया जाएगा कि उसके पास गाड़ी के कागजात हैं या नहीं। अगर उसने मास्क नहीं लगाया होगा तो केस दर्ज किया जाएगा। सभी चौराहों पर बैरियर लगाए गए हैं।
किसानों के लिए भी नई छूट नहीं
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की स्थिति ज्यों की त्यों रखी गई है। किसानों को बुआई, कटाई, उपज घर ले जाने, मंडी पहुंचाने आदि कृषि कार्य की जो छूट पहले मिली हैं, वे जारी रहेंगी।