आगरा में कोरोना वायरस का एक और मरीज मिला है। अब संक्रमित मरीजों की संख्या छह हो गई है। इसकी पुष्टि डीएम ने की है। मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
यह मरीज खंदारी में मिले पांच संक्रमित मरीजों के सीधे संपर्क में रहा था। जुकाम-खांसी और सांस लेने में परेशानी होने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर नमूना दिया था। डीएम प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि एक और मरीज में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन
वार्ड में भर्ती कर लिया है।
तकनीकी दिक्कत के चलते केजीएमयू में दोबारा कराई जा रही जांच
शुक्रवार को लिए गए 39 नमूनों में से 36 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। तकनीकी वजह से तीन की रिपोर्ट रविवार को आएगी। शनिवार को 14 और लोग नमूना देने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, इनमें नामी जूता कारोबारी भी शामिल हैं।
केजीएमयू लखनऊ में शुक्रवार को भेजे गए 39 नमूनों में से तीन की जांच नहीं हो पाई है। इन नमूनों की दोबारा जांच कराई जा रही है। शनिवार को 17 लोग और नमूने देने के लिए पहुंचे, इनमें से नामी जूता कारोबारी भी हैं।
इन सभी को सेनेटाइज कर स्क्रीनिंग की गई। 14 के नमूने लेकर भेज दिए हैं। सैंपल कलेक्शन के नोडल प्रभारी डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि 39 नमूनों में से तीन की तकनीकी वजह से दोबारा जांच कराई जा रही है। रविवार को इनकी रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी। 14 और नमूने लेकर जांच को भेज दिए हैं।
विदेशी पर्यटकों का किया स्वागत
कोरोना वायरस के भय को दरकिनार करते हुए सिंधी समाज ने फतेहाबाद रोड स्थित होटल में विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संयोजक श्याम भोजवानी ने बताया कि सावधानी बरती जाए, लेकिन इसकी बेवजह भय न हो, इसके लिए विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया गया है।
मास्क बांटकर किया जागरूक
न्यू लाइफ फाउंडेशन ने मंटोला में मास्क वितरण कर लोगों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया। अध्यक्ष मोहम्मद फैसल ने, जीशान आलम, नदीम लतीफ, डॉ. सिराज कुरैशी, दिव्यांशु गिरी, आशु बैजल आदि रहे।
इस बार नहीं मनेगी पुलिस की होली
कोरोना वायरस के मामले में सामने आने के बाद जहां विभिन्न संगठन के लोग होली नहीं मनाने का निर्णय ले चुके हैं, वहीं पुलिस विभाग मेें होली नहीं मनाई जाएगी। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने निर्देश भी दे दिए हैं।
पुलिस विभाग में हर साल होली का त्योहार जनता के होली खेलने के एक दिन बाद मनाया जाता है। पुलिस लाइन से लेकर थानों में पुलिसकर्मी होली खेलते हैं। इसमें आम लोग भी मिलने आते हैं। मगर, इस बार कोरोना वायरस से पीड़ित लोग मिले हैं। इसको देखते हुए अधिकारियों ने होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है। पुलिस लाइन से लेकर थानों तक में होली नहीं खेली जाएगी। ऐसा एहतियात के तौर पर किया गया है