डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में कुछ केंद्रों पर बेखौफ होकर बोलकर नकल कराई जा रही है। उड़नदस्तों ने शनिवार को तीनों पाली की परीक्षा में पांच परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल पकड़ी। वहीं 46 परीक्षार्थी नकल सामग्री के साथ पकडे़ गए। कौशल किशोर रामवती कॉलेज एटा और एसएस कॉलेज शमसाबाद रोड में नकल करा रहे लोगों ने उड़नदस्ते को घेरने की भी कोशिश की।
विज्ञापन
डॉ. राजेश कुशवाहा के नेतृत्व में डॉ. कौशल राणा और डॉ. जयवीर सिंह की टीम ने एसएस कालेज, शमसाबाद रोड और आरसी शर्मा कॉलेज, लादूखेड़ा में सामूहिक नकल पकड़ी। इनकी रिपोर्ट के अनुसार, इन केंद्रों पर लोग कक्षों में बोलकर नकल करा रहे थे।
परीक्षार्थियों की कापियों में उत्तर एक जैसे लिखे हुए थे। एसएस कॉलेज में पहली पाली में 341 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। सभी कक्षों में नकल कराई जा रही थी। कापियों की रिकार्डिंग की गई है। इस केंद्र पर कॉलेज प्रबंधक भी मौजूद मिले। टीम ने उनकी भी वीडियो बनाई है।
विज्ञापन
कैमरे में झुंड में बैठे दिखे परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
यहां उड़नदस्तों को घेरने की कोशिश भी की गई। केंद्र के बाहर भीड़ जमा थी। आरसी शर्मा कॉलेज में भी पहली पाली में सामूहिक नकल पकड़ी गई। सभी कक्षों में परीक्षार्थियों की कापियां एक जैसी लिखी हुई मिलीं।
525 परीक्षार्थी यहां पंजीकृत थे। धीमावती कॉलेज, अलीगढ़ (कोड-646) और लालाराम श्रीदेवी कॉलेज आगरा में पहली पाली में व केजीएन कॉलेज शिकोहाबाद में तीसरी पाली की परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल पकड़ी गई। उड़नदस्तों ने विश्वविद्यालय को रिपोर्ट दे दी है।
कैमरे में झुंड में बैठे दिखे परीक्षार्थी
दाऊजी महाराज डिग्री कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा के दौैरान परीक्षार्थी झुंड में बैठे दिखे। उप कुलसचिव शमीम अहमद ने कुलपति सचिवालय में बने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी के माध्यम से हालात देखे। केंद्र व्यवस्थापक को फोन करके नाराजगी जताई। इसके बाद डॉ. सत्यदेव पचौरी के नेतृत्व में उड़नदस्ता भेजा। उड़नदस्ते ने केंद्र में पांच परीक्षार्थियों के खिलाफ नकल में कार्रवाई की। इनकी कापियों में उत्तर एक जैसे लिखे हुए थे। दूसरी और तीसरी पाली में उड़नदस्तों ने बैठकर परीक्षा कराई।
परीक्षा केंद्र के कक्ष में टपक रहा पानी
आरसी शर्मा कॉलेज में जिन कक्षों में परीक्षाएं कराई जा रही थीं, उनमें अंधेरा था। कुछ कक्षों में बारिश का पानी टपक रहा था। स्थिति यह थी कि फर्श पर पानी फैला हुआ था।
परीक्षा केंद्र का दरवाजा नहीं खोला
आरबी गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज, सादाबाद (हाथरस) में उड़नदस्ते के पहुंचने पर गेट नहीं खोला गया। गेट पर ताला लगा हुआ था। गार्ड खड़ा था, उड़नदस्ता सदस्य ने उससे गेट खोलने के लिए कहा तो वह भाग गया। दस्ता सदस्य देर तक आवाज देते रहे, कोई आया नहीं।
कड़ी कार्रवाई की जाएगी
नकल रोकने के लिए चौकसी बरती जा रही है। उड़नदस्ते अधिक से अधिक केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। यही वजह है कि इतनी अधिक संख्या में नकलची पकड़े गए। सामूहिक नकल भी पकड़ में आई। आगामी परीक्षाओं में और भी सख्ती की जाएगी। कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। - डॉ. राजीव कुमार, कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रक, विवि
महिला उड़नदस्ता भी निकला
उड़नदस्ता समन्वयक प्रो. लवकुश मिश्रा के मुताबिक शनिवार की परीक्षा के दौरान 17 उड़नदस्तों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें एक महिला उड़नदस्ता भी था। इसमें गृह विज्ञान संस्थान की डॉ. अचला (समन्वयक), डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. संघमित्रा, डॉ. अंकिता गुप्ता रहीं।