बांकेबिहारी मंदिर में कोरोना डेस्क लगाई गई
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जनपद में कोरोना संक्रमण तेज रफ्तार से बढ़ रहा है। शनिवार को 166 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। दो दर्जन से अधिक वे लोग हैं, जो मथुरा मंदिरों के दर्शनों करने आए थे और लगभग 15 लोग सैनिक अस्पताल से जुडे़ हैं। इसके अलावा मथुरा शहर और वृंदावन में कोरोना संक्रमण की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
जनपद के बरसाना, बलदेव, छाता, फरह, मांट, राया और कोसीकलां में भी कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग परेशान है। कोविड प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि पांच हजार से अधिक लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। लगातार सैंपलिंग कराए जाने के बाद भी भीड़ भरे इलाकों में कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं हो पा रहा, जिससे संक्रमण और तेजी से बढ़ रहा है। जिला अस्पताल में जहां दिसंबर के पहले पखवाड़े में सैंपलिंग की संख्या बीस तक थी, वह अब 300 के पार पहुंच गई है। यही स्थिति छाता और वृंदावन में भी सामने भी है।
आराध्य के दर्शन के लिए 1800 लोगों ने कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
मथुरा में बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के भक्तों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना शुरू कर दिया है। शनिवार की शाम तक लगभग 1800 भक्तों ने आराध्य के दर्शन की अभिलाषा लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इधर, मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन के आदेश के बाद मंदिर प्रबंधन ने कोविड नियमों का पालन कराना शुरू कर दिया है।
आरटीपीसीआर टेस्ट कराए
शनिवार को मंदिर प्रबंधन ने गेट नंबर तीन के पास हेल्थ डेस्क बना दी। जहां मंदिर के कर्मचारियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले उन लोगों लोगों की आरटीपीसीआर और एंटीजन जांच कराई गई, जिन्हें कुछ लक्षण हैं। इसके साथ मंदिर आने वालों के हैंड सैनिटाइज कराने के बाद पांच-पांच के ग्रुप में मंदिर में प्रेवश दिया गया। बिना मास्क पहने आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया गया। दूसरी ओर, मंदिर की गलियों में पुलिस की व्यवस्था ना होने के कारण लोगों की भीड़ लगी रही। शनिवार होने के कारण मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ भी अधिक रही, लेकिन मंदिर प्रबंधन ने हर भक्त को बड़ी सावधानी के साथ दर्शन कराए।