मैनपुरी में रोजाना कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को एक महिला और किशोरी संक्रमित मिले। महिला प्रसव के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज से घर लौटी थी। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला को फिर सैफई भेज दिया गया। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
जागीर क्षेत्र के गांव बघिरुआ निवासी एक महिला का 30 मई को मेडिकल कॉलेज सैफई में प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद एक जून को उसे घर भेज दिया गया था। सोमवार की रात उसकी कोरोना जांच पॉजिटिव मिली। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस भेजकर महिला को सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा।
कोविड-19 के खौफ के बीच मेकअप आर्टिस्ट ने पीपीई किट पहनकर किया 'सजनी' का श्रृंगार
यहां महिला और उसके नवजात शिशु को भर्ती किया गया है। बच्चे का भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। बेवर के गांव बाघपुर निवासी एक किशोरी भी कोरोना पॉजिटिव मिली। किशोरी को क्वारंटीन हाउस भोगांव में भर्ती कराया गया है। किशोरी अपने पिता के साथ पांच दिन पूर्व दिल्ली से लौटी थी।
56 को क्वारंटीन हाउस भेजा
दो दिन में 10 कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 35 लोगों को क्वारंटीन हाउस भेजकर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें शहर के देवी रोड निवासी 10, भैंसरोली से छह, जागीर के अलग-अलग गांव से 10, भोगांव क्षेत्र से 10, घिरोर से सात लोगों को क्वारंटीन हाउस भेजा गया है।
डीएम ने की घर से न निकलने की अपील
जिले में बढ़ रहे कोरोना केस से जिला प्रशासन भी चिंतित है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वह घरों में ही रहें। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। कोरोना से खिलाफ लड़ी जा रही जंग में प्रशासन का सहयोग करें।
52 लोग जिले में अब तक मिले हैं कोरोना संक्रमित
35 कोरोना संक्रमित लोग है बाहर से आने वाले
03 कोरोना संक्रमितों की हो चुकी है जिले में मौत
25 कोरोना संक्रमित उपचार के बाद हुए ठीक
24 कोरोना संक्रमितों का चल रहा है इलाज