आगरा में शुक्रवार को कोरोना वायरस के नौ और मरीज मिले। इससे संक्रमितों की संख्या 798 हो गई। एक ही दिन में 96 मरीज ठीक भी हुए। इन्हें छुट्टी दे दी गई। उधर, जिला जेल में 90 साल के जिस कैदी की मौत 13 मई को एसएन मेडिकल कॉलेज में हुई थी, उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इससे मृतकों का आंकड़ा 28 पर पहुंच गया है।
ताजनगरी में तीन मार्च को पहली बार मिले संक्रमण के बाद शुक्रवार को ऐसा पहली बार हुआ जब वायरस को मात देकर स्वस्थ हुए लोगों की संख्या संक्रमितों से ज्यादा हो गई। अब तक 485 लोग ठीक होकर घर गए हैं। रिकवरी रेट 61 प्रतिशत हो गया है। इससे लोगों में वायरस से लड़ने का हौसला और बढ़ेगा।
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 96 लोग और डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे। इससे स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 485 हो गई। अब सक्रिय केस 283 हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में इससे विश्वास बढ़ेगा। नई डिस्चार्ज पॉलिसी से आने वाले दिनों में कुछ और मरीज डिस्चार्ज किए जाएंगे। पिछले कुछ दिनों में संक्रमण की दर पहले से कम रही है।
दस और हॉटस्पॅाट हो सकते हैं बंद
डीएम ने बताया कि हॉटस्पॉट में यह भी देखा जा रहा है कि किनसे मरीज आना बंद हो गए हैं। खंदारी से 14 दिन से मरीज नहीं मिला है। पथवारी से 13 दिन से नहीं मिला है। नगला महादेव, विभव नगर, फतेहपुर सीकरी से 13 दिन से नया मरीज नहीं मिला है। अगर कुछ और दिन यहां संक्रमण नहीं मिलता है तो इन्हें भी बंद किया जाएगा।
पौष्टिक आहार और काढ़ा ले रहे मरीज
एसएन मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड के प्रभारी डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि 80 फीसदी मरीजों में कोरोना के लक्षण ही नहीं आ रहे। इनके अलावा कुछ मरीजों में खांसी-जुकाम, बुखार जैसे सामान्य लक्षण हैं। सबसे ज्यादा देखभाल उन मरीजों की करनी होती है जो पहले से मधुमेह, हृदय रोग, निमोनिया, दमा जैसी बीमारी से पीड़ित हैं। इनके अलावा अन्य मरीज पौष्टिक आहार और काढ़ा लेकर अपनी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहे हैं। इसी से ठीक हो रहे हैं।