कोरोना संक्रमण के मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर चल रही ताजनगरी में अप्रैल के पहले आठ दिनों का औसत देखा जाए तो हर तीन घंटे में एक संक्रमित मिला है। यह रफ्तार कितनी तेज है इसका अंदाजा मार्च के आंकड़ों से होता है जब 31 दिनों में 12 मरीज मिले थे। औसत तीन दिन में एक का था। उनमें से आठ ठीक होकर घर जा चुके हैं।
तब संक्रमण शहर तक सीमित था, अब देहात में भी जा चुका है। इस चुनौती से निपटने के लिए प्रशासन ने नया प्लान तैयार किया है। अब तक मिले 89 संक्रमितों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। एक महिला की मौत भी हो चुकी है।
20 इलाके ऐसे हैं जहां एक से ज्यादा मरीज मिले हैं। इन्हें हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इनकी संख्या और बढ़ेगी, क्योंकि मरीजों का मिलना जारी है। अब तक लगभग 1700 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। लगभग 1800 लोग शेल्टर होम में क्वारंटीन किए गए हैं। हॉट स्पॉट में लगभग 850 परिवार हैं। इनके घर से निकलने पर पूरी तरह पाबंदी है।