मैनपुरी। जेल में बंदियों को सप्ताह में एक बार टेली मेडिसिन सुविधा दी जाए। इसके लिए एक चिकित्साधिकारी को नामित किया जाए। बंदियों की समस्याओं का निदान करके जेल मैनुअल के अनुसार उनकी मूलभूत जरूरतें पूरी की जाएं। यह निर्देश जिला जज तेज प्रताप तिवारी ने दिए हैं।
बुधवार को जिला जज के विश्राम कक्ष में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की साप्ताहिक बैठक हुई। जिला जज तेज प्रताप तिवारी ने जेल में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला जज ने कहा कि लॉकडाउन में चिकित्सकों की व्यस्तता के चलते बंदियों को चिकित्सा सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़े। इसके इंतजाम किए जाएं। जेल में एक चिकित्साधिकारी की साप्ताहिक ड्यूटी लगाई जाए। वही चिकित्सक बंदियों को टेली मेडिसिन सुविधा देगा। जेल परिसर सहित जेल की सभी बैरकों को नियमित रूप से सैनिटाइज कराया जाए। बंदी रक्षकों को चौकसी बरतने की हिदायत दी जाए। प्रदेश की कई जेलों में बंदियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने केे बाद जेल में भी चौकसी बढ़ाई जाए। किसी बंदी के संदिग्ध होने पर उसका तुरंत चेकअप कराया जाए। बैठक मेें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज अमित मिश्रा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा मौजूद रहे।
मुकदमों में सामान्य तारीखें लगाईं
मैनपुरी। दीवानी न्यायालयों में लंबित मुकदमों में सामान्य तारीखें लगा दी गई है। जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने बताया क्रिमिनल के मुकदमों में 18 मई की 18 जून, 19 मई की 19 जून, 20 मई की 20 जून, 21 मई की 22 जून, 22 मई की 23 जून की तारीख लगाई गई है। सिविल के मुकदमों में 18 मई की 20 जुलाई, 19 मई की 21 जुलाई, 20 मई की 22 जुलाई, 21 मई की 23 जुलाई, 22 मई की 24 जुलाई की तारीख लगाई गई है।