फिरोजाबाद में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के आठ नए केस बढ़ गए हैं। इसमें एफएच मेडिकल कॉलेज में कार्यरत दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक बुजुर्ग नोएडा की निजी पैथोलॉजी में हुई जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना के अब तक 530 केस सुहागनगरी में मिल चुके हैं। जबकि 26 लोगों की मृत्यु हो गई है।
एफएच मेडिकल कॉलेज टूंडला में कार्यरत सफाईकर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह मरीज टूंडला में मस्जिद रोड पर निवासी है। सैंपल लेने के बाद घर पर ही क्वारंटीन किया गया था। महिला स्टाफ की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। शिकोहाबाद के मोहल्ला मीर खलील निवासी एक गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला 26 जून को अपने मायके मिर्जापुर से आई थी।
ये भी पढ़ें: एलआईसी कर्मचारी सहित तीन कोरोना पॉजिटिव मिलने से खलबली, बुखार के बाद कराई थी जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला की जांच की तो रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। महिला छह माह की गर्भवती है। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, भीमनगर गली नंबर पांच में एक और 18 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक के मकान मालिक एक सप्ताह पूर्व कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।