कासगंज। करोना महामारी का प्रभाव रोडवेज की कमाई पर भी पड़ा है। रक्षाबंधन पर पिछले वर्ष की तुलना में 44 फीसदी लोड फैक्टर कम रहा। जबकि रक्षाबंधन से रोडवेज को खासी उम्मीद थी। पिछले वर्ष की तुलना करें तो रोडवेज को 11.74 लाख रुपये की कम कमाई हुई।
हर वर्ष रक्षाबंधन पर यात्रियों की आवाजाही से रोडवेज को खासी कमाई होती थी। इस बार कोरोना व लॉकडाउन के कारण संख्या में कमी देखने को मिली। परिवहन निगम को उम्मीद थी कि त्योहारों पर यात्रियों का ग्राफ बढ़ने से कमाई हो सकेगी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। रक्षाबंधन के दिन यात्रियों का लोड फैक्टर 49 प्रतिशत रहा, जिससे 7,59,264 रुपये की आय हुई। पिछले वर्ष 93 प्रतिशत लोड फैक्टर होने से आय 19,33,539 रुपये थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में रोडवेज की आय 11,74,275 रुपये घट गई।
महिला यात्रियों की संख्या भी घटी
प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा का ऐलान किया गया था। लेकिन कोरोना के चलते बहनें मुफ्त में भी यात्रा करने को तैयार नहीं हुईं। पिछले वर्ष जहां 5941 बहनों ने यात्रा की थी, जबकि इस बार केवल 1624 बहनें ही घरों से निकलीं।
- रोडवेज की आय पर कोरोना का स्पष्ट प्रभाव नजर आया। संक्रमण के चलते त्योहार पर कम संख्या में यात्री निकले। वहीं रक्षाबंधन के एक दिन पहले रविवार को लॉकडाउन के चलते भी लोड फैक्टर कम रहा। जिसके चलते आय में भी कमी आई। - संजीव कुमार यादव, एआरएम कासगंज।