केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो गई है। तीन गुना रफ्तार से संक्रमित मिल रहे हैं। आठ महीने बाद बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 64 नए मरीज मिले हैं। कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 177 पहुंच गई है। इधर, शासन के निर्देशों के बावजूद भीड़ नियंत्रण एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन का रवैया लचर है। केंद्रीय राज्यमंत्री विधि एवं न्याय प्रो. एसपी सिंह बघेल और भाजपा विधायक योेगेंद्र उपाध्याय सहित बुधवार को 64 नए संक्रमित मिले हैं। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से संक्रमित होने की जानकारी दी। बीते सोमवार को केंद्रीय मंत्री इलेक्ट्रिक बसों के उदघाटन समारोह में शामिल हुए थे। जहां भाजपा विधायक सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। एसपी सिंह ने संपर्क में आए सभी लोगों से होम आइसोलेट होने व कोरोना जांच कराने के लिए कहा है। दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा विधायक योंगेद्र उपाध्याय की आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट भी बुधवार को पॉजिटिव आई है। विधायक के दोनों पुत्र व पुत्रवधु की जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। विधायक की पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि उन्हें खांसी, जुकाम के लक्षण हैं। बुखार नहीं है। होम आईसोलेशन में उपचार ले रहा हूं। इनके अलावा मंगलवार को आगरा के मेयर नवीज जैन भी संक्रमित हो चुके हैं।
चार दिन से कोई मरीज नहीं हुआ ठीक
जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 4254 लोगों की जांच में 64 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। चार दिन से कोई मरीज ठीक नहीं हुआ है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। नए मरीजों में सभी स्थानीय निवासी हैं। सिकंदरा, शाहगंज, दयालबाग, आवास विकास कॉलौनी, बिंदु कटरा, ताजगंज और कमला नगर क्षेत्र हॉटस्पॉट हैं। नए मरीजों को होम आईसोलेट किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को इनकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग व सैंपलिंग कराई जाएगी।
रोकथाम हो रही न संदिग्धों की जांच
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मरीज मिलने के बावजूद पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की रोकथाम और संदिग्धों की जांच को लेकर लापरवाह है। संक्रमण बढ़ने के साथ जांचों की संख्या घट रही है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है जिले में 64 केंद्रों पर जांच की सुविधा है। उन्होंने कहा, जिन लोगों को लक्षण हैं वह खुद अपनी जांच करा सकते हैं।
भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय
- फोटो : अमर उजाला
22 महीने में बदल गए इंतजाम
ताजनगरी में पहला मरीज 2 मार्च 2020 को आया था। तब एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित हुए थे। इसके बाद अप्रैल 2021 में संक्रमण की दूसरी लहर आई। जिसमें मरीजों की मौत का आंकड़ा 458 पहुंच गया। जिसके नौ महीने बाद जनवरी 2022 में फिर तीसरी लहर शुरू हो गई है। परंतु इन 22 महीनों में सुरक्षा की गारंटी खत्म हो गई है। इस दौरान कन्टेन्मेंट जोन, सैनिटाइजेशन, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस, कोविड नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई और दफ्तरों में कोविड हेल्प डेस्क बंद पड़ी हैं। जिसके कारण संक्रमण का प्रसार हो सकता है।
20 मई को मिले थे 75 मरीज
बुधवार को आठ महीने बाद 24 घंटे में रिकार्ड 64 नए संक्रमित मिले हैं। यानी प्रत्येक 22 मिनट में एक व्यक्ति संक्रमण की चपेट में आ रहा है। जिस रफ्तार से संक्रमण फैल रहा है विशेषज्ञों का कहना है कि यह ओमिक्रॉन का प्रभाव है। जिन लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हुई है और सामान्य संक्रमण मिला है वह स्वयं को ओमिक्रॉन संक्रमित मानकर एहितियात बरतें।