चीन में कोरोना वायरस से हो रही मौत के चलते आगरा में भी अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी से चीन की यात्रा कर लौटे लोगों की जानकारी मांगी है। सूची मिलने के बाद विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी की चिकित्सकीय टीम इनके स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
चीन में कोरोना वायरस से अभी तक कई मौत हो गई हैं। यह वायरस अन्य देशों में भी फैल गया है। ऐसे में आगरा में 23 जनवरी को अलर्ट कर दिया था। अब स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइड लाइन भेजी गई है, जिसमें बीते 14 दिन में चीन की यात्रा से लौटे लोगों को सर्विलांस करने को कहा है।
इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी से इनकी सूची मांगी है। रिपोर्ट मिलने पर चिकित्सकों की टीम इनके स्वास्थ्य परीक्षण करने घर पहुंचेगी। सेहत की जांच करने के बाद अगर कोई बीमारी के लक्षण प्रतीत होते हैं तो इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजी जाएगी।
चीन से लौटे यात्रियों की जांच हो रही
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश वत्स ने बताया कि एयरपोर्ट पर ही चीन की यात्रा से लौटे यात्रियों के स्वास्थ्य जांच हो रही है, फिर भी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीते दो सप्ताह में चीन की यात्रा से लौटे यात्रियों की रिपोर्ट लेकर स्वास्थ्य मॉनीटरिंग के निर्देश मिले हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी से इसकी जानकारी मांगी गई है।
पर्यटन विभाग को भी भेजी गाइड लाइन
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली गाइड लाइन के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पर्यटन विभाग और शैक्षणिक संस्थान और चिकित्सकों की संस्था को भी अलर्ट कर दिया है। उनसे कहा गया है कि चीनी नागरिक या यात्रा करने वाला, शिक्षा-चिकित्सा से जुड़ी किसी सेमिनार और वर्कशाप में अगर कोई चीन से प्रतिभागी करता है, तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग जरूर दी जाए।
रैपिड रिस्पांस टीम करेगी मॉनीटरिंग
कोरोना वायरस का संभावित मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम मॉनीटरिंग करेगी। इसमें जिला एपीडेमियोलोजिस्ट डॉ. प्रियंका चौहान और डॉ. अंशुल पारीक ऐसे मरीजों की निगरानी करेंगे।
यह बरतें सावधानी:
- भीड़ वाले स्थानों से जाने से बचें।
- संभावित मरीज के संपर्क से बचें।
- चिकित्सक की सलाह से ही दवा लें।
- छींकते या खांसते वक्त मुंह पर रुमाल रखें।
- जुकाम-खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सक को दिखाएं।