कोरोना संक्रमण से बुधवार को आगरा में एक मरीज की मौत हो गई। वहीं 57 नए मरीज मिले हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह बताया कि शहर में अब कुल सक्रिय केस 758 हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 5760 पहुंच गई है। हालांकि 4875 मरीज अब तक सही होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
आगरा में एक मौत के साथ अब संक्रमित मृतकों की संख्या 127 पहुंच गई है। अब तक कुल 1,89,631 सैंपल टेस्ट किए गए हैं। जनपद में सही होने वालों का प्रतिशत 84.64 है।
सितंबर माह में संक्रमण की रफ्तार बढ़ी
ताजनगरी में सितंबर में 2,733 लोग संक्रमित हुए जबकि 2332 ने वायरस को मात दी। संक्रमण की रफ्तार इसी महीने सबसे तेज रही। नौबत यहां तक आई कि एसएन मेडिकल कॉलेज में आईसीयू फुल हो गया। मार्च में शुरू हुए संक्रमण से अब तक यह पहला मौका था जब ऑक्सीजन की भारी किल्लत सामने आई। हालांकि इसी महीने सबसे ज्यादा लोग ठीक हुए। संक्रमितों की मृत्यु का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा।