मैनपुरी। जिले में कोरोना मरीजों के साथ ही मरने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। बुधवार को भोगांव निवासी कोरोना संक्रमित महिला की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिले में अब मरने वालों की संख्या 13 पहुंच गई है। हालांकि गनीमत रही कि बुधवार को जिले में कोई कोरोना पॉजिटि नहीं मिला। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 681 ही है।
भोगांव के मोहल्ला आश्रेत निवासी 56 वर्षीय महिला पिछले चार दिन से सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। वहां जांच के दौरान उसे कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि 28 जुलाई को हुई थी। सैफई में उपचार के दौरान बुधवार को दोपहर दो बजे महिला की मौत हो गई। सैफई मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने देर शाम मैनपुरी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को महिला की मौत की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने भोगांव प्रशासन को महिला का शव पहुंचने पर अंत्येष्टि आदि कड़ी सुरक्षा के बीच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से अब तक 13 मरीजों की मौत हो चुकी है। महिला की मौत के बाद शव देर रात तक भोगांव पहुंचने की संभावना है।
सैफई से भागा चौकीदार मैनपुरी में मिला
मैनपुरी सैफई मेडिकल कॉलेज से दो दिन पूर्व उपचार के दौरान भागा कुरावली निवासी कोरोना संक्रमित चौकीदार बुधवार मैनपुरी बस स्टैंड पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग को जैसे ही उसके मैनपुरी पहुंचने की सूचना मिली। उसे तुरंत एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
भोगांव निवासी महिला सैफई में कोरोना संक्रमित थी। कोरोना के साथ-साथ महिला फेंफड़ों में संक्रमण और डायबिटीज से भी लंबे समय से पीड़ित चली आ रही थी। सैफई मेडिकल कॉलेज से महिला की मौत की सूचना मिली है। शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
डॉ. एके पांडेय सीएमओ