15एमएनपी-18-किशनी में कोराना की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमितों के बढ़ने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। सात वर्षीय बालक समेत कुल नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सभी को भोगांव स्थित कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर जहां 380 हो गई है। वहीं एक्टिव केस 105 तथा मृतकों की संख्या 12 हो चुकी है।
बुधवार को कुल नौ लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें बेवर के आठ लोग और घिरोर का एक युवक शामिल है। घिरोर का युवक करहल रोड का निवासी है। युवक के पिता गैस एजेंसी संचालक हैं। एहतियात के तौर पर पूरे परिवार के सैंपल लेने के साथ ही उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं बेवर में संक्रमित मिले आठ लोगों में से सात शहर के मोहल्ला काजी टोला चमनगंज के निवासी हैं। वहीं एक पास के ही गांव रसूलाबाद का निवासी है। बेवर क्षेत्र में मिले संक्रमितों में 60 वर्षीय वृद्ध और सात वर्षीय एक बालक के अलावा, तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी को भोगांव के क्वारंटीन सेंटर स्थित कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। साथ ही संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बेवर के लिए अच्छे नहीं संकेत
नगर पंचायत बेवर में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ना अच्छे संकेत नहीं हैं। यहां अब संक्रमितों के संपर्क में आने से संक्रमण फैल रहा है। बुधवार को मिले सभी आठ लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से ही पॉजिटिव हुए हैं। अब बेवर कस्बे में कुल संक्रमितों की संख्या 48 और बेवर ग्रामीण क्षेत्र के दस संक्रमित मिलाकर ये संख्या 58 हो गई है।