08एमएनपी-03-शहर में हॉटस्पॉट इलाके में लगे अवरोधक के नीचे से निकलते लोग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। वहीं संक्रमितों की संख्या बढ़कर 277 पहुंच गई है। 246 मरीजों को अब तक ठीक किया जा चुका है, जबकि 20 लोगों का उपचार चल रहा है।
कस्बा करहल निवासी 55 वर्षीय एक व्यक्ति आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। उन्हें लीवर में संक्रमण की शिकायत थी। जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। मंगलवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं बुधवार को जिले में 700 कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें शहर के पावर हाउस रोड निवासी एक 47 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद प्रशासन ने पावर हाउस रोड को सील कर दिया है। साथ ही संपर्क में आने वालों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। बताया गया है कि यह व्यक्ति एक व्यापारी का चालक है। हाल ही में वह व्यापारी को लेकर लखनऊ गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड भेजा है। इसके साथ ही वह शहर में बाहर से आने वाले सामानों की दुकानों पर आपूर्ति करता था। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। अब इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आखिर उसने हाल ही में कहां-कहां माल की आपूर्ति की है।