करहल (मैनपुरी)। तहसील में तैनात संग्रह अमीन सेवक की कोरोना संक्रमण से सैफई में मौत हो गई। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना संक्रमण से मौतों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है। तहसील कर्मचारी की मौत के बाद तहसील के सभी कर्मचारियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव सिंहपुर हविलिया निवासी एक युवक करहल तहसील में संग्रह अमीन सेवक के रूप में कार्यरत था। वह तहसील के वाहनों को चलाने का भी काम करता था। पांच दिन पहले उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। यहां उसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकला। मंगलवार की देर रात सैफई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर तहसील के सभी कर्मचारी जो संग्रह अमीन सेवक के संपर्क में आए के सैंपल जांच के लिए भिजवाए गए हैं।
पुलिस सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार
अजीतगंज। संग्रह अमीन सेवक का शव बुधवार की दोपहर सीधा गांव के बाहर अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचा। पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार में मात्र चार लोगों ने भाग लिया। एसडीएम और थाना पुलिस की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम की देखरेख में तहसीलकर्मी का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के संपर्क में आने वाले परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं।