11एमएनपी-03-क्रिश्चियन कंपाउंड में तीन कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मौके पर एंबुलेंस के साथ मौजूद ए
- फोटो : MAINPURI
आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। क्षेत्र के गांव दलपतिपुर में कोरोना संक्रमित महिला को जब आठ बजे तक एंबुलेंस लेने नहीं पहुंची तो वह स्वयं ही अपनी स्कूटी से आइसोलेशन वार्ड पहुंच गई। युवती के आइसोलेशन वार्ड पहुंचने के दो घंटे बाद एंबुलेंस गांव में पहुंची तो लोगों ने नाराजगी जाहिर की।
दलपतिपुर निवासी महिला की ससुराल इटावा में है। कुछ दिन पहले उसका पति कोरोना संक्रमित निकला जो इटावा के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। पति के संक्रमित निकलने के बाद आठ जून को वह स्वयं क्वारंटीन हाउस पहुंची और अपनी कोरोना जांच कराई। जांच के बाद 10 जून की रात में उसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को पॉजिटिव प्राप्त हुई। इसकी सूचना रात में ही संक्रमित युवती को भी दे दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह जब आठ बजे तक उसे लेने एंबुलेंस नहीं पहुंची तो वह स्वयं ही अपनी स्कूटी से आइसोलेशन वार्ड 10 बजे पहुंच गई। युवती के आइसोलेशन वार्ड पहुंचने के दो घंटे बाद 12 बजे गांव में एंबुलेंस पहुंची तो ग्रामीणों ने नाराजगी प्रकट की।
महिला सूचना मिलने के बाद गांव से कहीं चली गई थी। जब उसे फोन किया गया तो वह आइसोलेशन वार्ड पहुंची। एंबुलेंस के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे लेने गांव गई थी।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ