08एमएनपी-06-जिले में कोरोना जांच के लिए लाई गई मशीन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से जिले में तीन दिन पहले कोरोना सैंपल की जांच के लिए उपलब्ध कराई गई ट्रू नॉट मशीन को स्थापित करने की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। बुधवार को अस्पताल पहुंचे जेडी डॉ. बीएस यादव ने नाराजगी जताई और शीघ्र मशीन से जांच शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में आने वाले कोरोना संदिग्धों की जांच के लिए शासन ने जिले के लिए एक ट्रू नॉट मशीन उपलब्ध कराई है। यह मशीन आठ जून की सुबह ही जिला क्षयरोग अस्पताल में पहुंच चुकी थी। 10 जून को मशीन के ट्रायल के निर्देश दिए थे। बुधवार को कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करने पहुंचे जेडी डॉ. बीएस यादव ने ट्रू नॉट मशीन को अभी तक स्थापित न किए जाने पर नाराजगी प्रकट की। जेडी ने सीएमओ डॉ. एके पांडेय से जिले के कोविड अस्पतालों और उनमें रखे गए लोगों के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. आरके सागर, डॉ. आरके सिंह, ऋषि प्रकाश यादव आदि लोग मौजूद रहे।
तीन दिन में तीन कदम भी नहीं बढ़ी मशीन
ट्रू नॉट मशीन कोविड वार्ड से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित क्षयरोग अस्पताल में रखी हुई है। आठ जून को यह मशीन यहां पहुंच चुकी थी और संबंधित व्यक्ति ने सीएमएस को इसकी जानकारी भी दे दी थी लेकिन सीएमएस तीन दिन में इसकी स्थापना उचित जगह पर नहीं करा सके। जेडी ने बुधवार को मशीन की स्थापना के लिए दो स्थानों को देखा। इसमें प्राइवेट वार्ड एक और कोविड अस्पताल के एक हिस्से को चिंन्हित किया गया है। इनमें से किसी एक स्थान पर मशीन स्थापित कराने के निर्देश दिए हैं।