50 लोग जिले में अब तक मिले हैं कोरोना संक्रमित
31 कोरोना संक्रमित लोग है बाहर से आने वाले
03 कोरोना संक्रमितों की हो चुुकी है जिले में मौत
24 कोरोना संक्रमित उपचार के बाद हुए ठीक
19 कोरोना संक्रमितों का चल रहा है इलाज
मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को आठ नए मामले सामने आए। शहर के मोहल्ला अमर नगर निवासी वृद्ध की मौत के बाद पत्नी की द्वितीय जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं भैंसरोली गांव में संक्रमित युवक के चार परिजन संक्रमित पाए गए। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। इनमें से 24 लोग ठीक हो चुके हैं।
देवी रोड स्थित मोहल्ला अमर नगर निवासी एक परिवार 28 मई को दिल्ली से शहर लौटा था। 28 मई की शाम को वृद्ध की हालत बिगड़ी तो पहले उसे जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया
था। सैफई में उपचार के दौरान वृद्ध के साथ ही उनकी पत्नी और बच्चों के भी सैंपल की जांच कराई गई थी। वृद्ध की 30 मई को मौत हो गई। मौत के 10 घंटे बाद 31 मई को वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में परिजनों ने मैनपुरी पहुंचकर शव की अंत्येष्टि की।
वृद्ध की पत्नी की प्रथम रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन सभी परिजनों की सैफई में ही द्वितीय जांच
भी कराई गई। 31 मई की रात पत्नी की द्वितीय जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव प्राप्त हुई। शहर पहुंची वृद्ध की पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रात में ही वृद्ध की पत्नी को आइसोलेशन लेवल वार्ड भोगांव में भर्ती करा दिया। वहीं वृद्ध के पुत्र और पुत्री को क्वारंटीन हाउस में रखा गया है।
वहीं भैंसरोली निवासी युवक 22 मई को गुरुग्राम से पत्नी और दो बच्चों सहित गांव आया था। जांच के बाद 28 मई को युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सोमवार को युवक की पत्नी और दोनों बच्चों के साथ ही गांव में रह रहीं बुजुर्ग मां भी पॉजिटिव पाए गए।
बरनाहल क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी एक युवक व उसके भतीजे को कोरोना संदिग्ध मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्वारंटीन हाउस भेजा है। रविवार की शाम को युवक को क्वारंटीन हाउस से घर भेज दिया गया था। मुरादपुर निवासी युवक 29 मई को अहमदाबाद के सूरत से आया था। रविवार को उसे प्रथम जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद क्वारंटीन हाउस से घर भेज दिया गया था, लेकिन सोमवार की दोपहर अचानक फिर से युवक व उसके भतीजे को अलग-अलग एंबुलेंस से क्वारंटीन हाउस भेजा गया। चर्चा है कि युवक की द्वितीय रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बेवर के टिकुरी से एक युवक को आइसोलेशन वार्ड भेजा गया है। जबकि बिछवां क्षेत्र के गांव भनऊ और भोगांव क्षेत्र के गांव शाहआलमपुर से भी दो युवकों को एंबुलेंस आइसोलेशन वार्ड ले जाने की चर्चा रही।
संपर्क में आने वाले आठ को क्वारंटीन हाउस भेजा
मोहल्ला अमर नगर निवासी वृद्ध की मौत के बाद पत्नी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ला अमर नगर और पत्थर मंडी से परिवार के संपर्क में आने वाले आठ लोगों को क्वारंटीन हाउस भेजा है। इन सभी के सैंपल भेजकर जांच कराई जाएगी।
अमर नगर और पत्थर मंडी को किया सील
शहर के मोहल्ला अमर नगर निवासी वृद्ध की कोरोना संक्रमण से मौत और पत्नी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने शहर के मोहल्ला अमर नगर, पत्थर मंडी को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया है। 500 मीटर इलाके में किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों मोहल्लों में पहुंचकर वहां सैनिटाइज का कार्य कराया गया है। लोगों की स्क्रीनिंग भी कराई गई है।