मैनपुरी। स्वास्थ परीक्षण के दौरान यदि कोई चेकअप न कराए, बीमारी छुपाए तो उसके खिलाफ रिपोर्ट
दर्ज कराई जाए। कंटेनमेंट जोन में स्वास्थ्य विभाग की टीम एनाउंस करके घर घर सर्वे, गर्भवती महिलाओं का भी चेकअप, स्वास्थ्य परीक्षण करें। हॉटस्पॉट क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। यह बातें आयुक्त आगरा मंडल अनिल कुमार ने सोमवार को कहीं।
लॉकडाउन से जुड़े अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आयुक्त ने कहा प्रवासी मजदूरों के घर पर लाल निशान, पोस्टर चस्पा किया जाए। स्वास्थ विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर गाइडलाइन के अनुसार कोविड-19 चिकित्सालय, वेंटिलेटर वार्ड, आइसोलेशन वार्ड, इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन का संचालन करें।
जिन गांव में अधिक संख्या में प्रवासी श्रमिक आए हैं, वहां रेंडम तौर पर अन्य ग्रामीणों की पूल
टेस्टिंग की जाए। आरआरटी टीम गांव में जाकर ही लोगों की सैंपलिंग करें।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कम से कम 10-10 रेंडमतौर पर सैंपल कराएं।
फल, सब्जी मंडी में भी रैंडमतौर पर सैंपलिंग कराएं। सीएमओ, सीएमएस तीन दिन में वेंटिलेटर वार्ड में सभी आवश्यक उपकरणों की स्थापना कराकर एल-2 वार्ड के रूप में संचालन करा दें। कोविड-19 चिकित्सालय, वेंटिलेटर वार्ड में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर रहें। निगरानी समितियां प्रवासी श्रमिकों का फीडबैक लें।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कोराना संक्रमण रोकथाम के लिए 29 कंटेनमेंट जोन हो चुके हैं।
613 टीमों ने 87105 लोगों की स्क्रीनिंग की है। आठ सिम्टोमेटिक, 165 असिम्टोमेटिक पाए गए हैं।
नोडल अधिकारी अशोक कुमार, एसपी अजय कुमार पांडेय, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉक्टर अविनाश कुमार, सीडीओ नगेंद्र शर्मा, एडीएम बी राम, एएसपी ओपी सिंह, सीएमओ एके पांडेय, सीएमएस आरके सागर मौजूद रहे।
मास्क नहीं लगाने पर लगाया जुर्माना
लॉकडाउन में मास्क, गमछा न लगाने पर 505 लोगों पर जुर्माना लगाया गया है।
यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर 520 दो पहिया वाहनों का चालान किया गया है। एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कंटेनमेंट जोन के प्रवेश स्थान पर रजिस्टर रखा गया है। जिसमें आने-जाने वाले का विवरण अंकित किया जा रहा है।