मैनपुरी/भोगांव। भोगांव क्षेत्र के गांव रकरा निवासी कोरोना संक्रमित युवक के परिजनों की
जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। डॉक्टरों ने अब संक्रमित युवक के परिजनों को होम क्वारंटीन करने की व्यवस्था की है।
11 मई को गुरुग्राम से रकरा आए युवक के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद
उसके छह परिजनों की रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई थी। शुक्रवार को सभी परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों को जानकारी भेजी गई है। आदेश मिलने के बाद परिजनों को होम क्वारंटीन के लिए भेजा जाएगा। वहीं चार संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजे गए हैं।
30 लोगों को किया गया क्वारंटीन
भोगांव स्थित क्वारंटीन हाउस पर शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में बाहर से आए हुए लोगों
की स्क्रीनिंग कराई गई। इस दौरान 30 लोगों को क्वारंटीन किया गया।
जबकि 17 लोगों को होम क्वारंटीन के निर्देश दिए। क्वारंटीन हाउस में डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश कुमार की देखरेख में क्वारंटीन लोगों की निगरानी की जा रही है।
विशेष सचिव ने किया निरीक्षण
विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त लखनऊ अशोक कुमार ने नवोदय पहुंचकर डाक्टरों के कंप्यूटर कक्ष, स्टॉक कक्ष व भोजनालय का निरीक्षण किया। सुविधाओं के सही पाए जाने पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने क्वारंटीन किए गए लोंगों से भी उनकी समस्याओं को जाना। जरूरतमंदी सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।