22एमएनपी-20-कुसमरा में बाहर से आए युवक से पूछताछ करती स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना संदिग्धों की अब सर्विलांस के सहारे तलाश शुरू की गई है। हॉटस्पॉट क्षेत्र में एक्टिव मोबाइल की दो महीने की कॉल हिस्ट्री पुलिस खंगाल रही है। एक्टिव मोबाइलों की दिल्ली और आगरा क्षेत्र में लोकेशन की तलाश सर्विलांस टीमें कर रही हैं। आगरा में श्री पारस हॉस्पिटल और दिल्ली में निजामउद्दीन क्षेत्र में इन नंबरों की लोकेशन पता करने में टीमें जुटी हुई हैं।
शहर के मोहल्ला बंशीगोहरा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हॉटस्पॉट बनाकर सील कर दिया है। इस क्षेत्र की हर गली की बैरीकेड़िंग करके पुलिस तैनात की जा चुकी है। हॉटस्पॉट एरिया में रहने वालों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जा रही है। अब इस एरिया में संदिग्धों की तलाश के लिए सर्विलांस का सहारा लिया गया है। हॉटस्पॉट क्षेत्र में एक्टिव मोबाइलों पर अब प्रशासन की नजर टिकी है। इस क्षेत्र में एक्टिव मोबाइलों की दो महीने पुरानी डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस क्षेत्र के करीब एक हजार मोबाइल सर्विलांस टीम के रडार पर हैं। इन नंबरों की लोकेशन ट्रैस होने के बाद सर्विलांस टीम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
टैक्सी चालकों पर भी नजर
शहर के टैक्सी चालकों पर भी पुलिस की नजर है। निजी वाहनों का टैक्सी के रूप में संचालन करने वालों की भी पुलिस को तलाश है। चौकी प्रभारी ऐसे वाहन मालिकों और चालकों की मोबाइल नंबर सूची बना रहे हैं। इन नंबरों पर पुलिस आगरा ले जाए गए मरीजों की जानकारी जुटाएगी।