मैनपुरी। जेल की हर बैरक सैनिटाइज कराई जाए। बंदियों के बीच सामाजिक दूरी का पालन कराया जाए। बंदियों के बीमार होने पर उनका समय से उपचार कराए जाए। इसमें लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने कहीं।
मंगलवार को कैंप कार्यालय पर अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की साप्ताहिक बैठक जिला जज की अध्यक्षता में हुई। जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने कहा कि जिला कारागार में बंदियों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक किया जाए। जेल की बैरकों सहित जेल परिसर को सैनिटाइज कराया जाए। बंदियों को मास्क, मेडिकल और कानूनी सहायता दी जाए। जेल परिसर और बैरकों के आसपास साफ-सफाई रखी जाए। जेल अधीक्षक से कहा कि बंदियों को बीमार होने पर समय से उपचार दिलाया जाए। इसमें किसी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। इस मौके पर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय, विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अपर जिला जज अवनीश गौतम, प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित मिश्रा मौजूद रहे।