मैनपुरी। लॉकडाउन के बाद से कुछ लोग गैर जिलों में फंसे हुए हैं तो वहीं कुछ बाहर के लोग मैनपुरी में हैं। लगातार वे लोग जाने के लिए कोई रास्ता जानना चाहते हैं। ऐसे ही कुछ लोगों के सवालों के जवाब अमर उजाला के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी नगेंद्र शर्मा ने दिए। उन्होंने अपील की कि अगर बहुत जरूरी न हो तो पास के लिए आवेदन न करें।
सवाल: मेरा इलाज कानपुर के महरोत्रा हॉस्पिटल में चल रहा है। मैं बधिर हूं और कानपुर दवाई लेने जाना है, क्या करूं। - ऋत्विज सोनी, करहल।
जवाब: अगर दवा लेने जाना बहुत जरूरी है तो ऑनलाइन ई-पास यूपी पर पास बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पास जारी होने के बाद दवा लेने जा सकते हैं।
सवाल: हमारे देश में कोरोना से बचाव के लिए और जागरूकता की आवश्यकता है। मैनपुरी में हालात संभालने के लिए एनससी कैडेट्स लगाए जाएं तो बेहतर होगा। - आलोक तोमर, चित्तरपुर।
जवाब: पुलिस और प्रशासन पूरे माहौल को नियंत्रित किए हुए है। लोग घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन करें। अगर जरूरत होगी तो एनसीसी कैडेट्स से मदद लेने पर भी विचार किया जाएगा।
सवाल: मेरी भाभी गर्भवती हैं और दिल्ली में हैं। वहां उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं हैं। उन्हें यहां लाने के लिए क्या करें। - आयुष कुमार, वैदनटोला कुरावली।
जवाब: अगर उन्हें देखभाल की अधिक आवश्यकता है तो दिल्ली से ऑनलाइन पास जारी करवाकर यहां आ सकती हैं। लेकिन इसमें नियमों का पूरा ध्यान रखें। 14 दिन वे होम क्वारंटीन ही रहें।
सवाल: स्कूल की इस समय छुट्टी चल रही है। क्या स्कूल खुलने पर उसे सैनिटाइज कराना पड़ेगा। - रेनू यादव, मैनपुरी।
जवाब: अभी लॉकडाउन के दौरान तो स्कूल बंद ही रहेंगे। बाद में जब स्कूल खुलें तो साफ-सफाई कराना जरूरी है। अगर हो सके तो सैनिटाइज कराना बेहतर होगा।