मैनपुरी। कोरोना से बचाव को लेकर लगातार प्रशासन प्रयास कर रहा है। ऐसे में लोग अमर उजाला के माध्यम से लॉकडाउन के नियमों व कोरोना से संबंधित अन्य जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे ही कुछ लोगों के सवालों के जवाब मुख्य विकास अधिकारी व कोरोना के नोडल अधिकारी नगेंद्र शर्मा ने दिए।
सवाल: क्या सभी अंत्योदय कार्डधारकों के लिए राशन की निशुल्क व्यवस्था की गई है। - श्रीपाल, रामनगर।
जवाब: शासन के आदेश पर राशन वितरण एक अप्रैल से शुरू हो गया है। आप अपने डीलर से अंत्योदय कार्ड पर निशुल्क राशन प्राप्त कर सकते हैं।
सवाल: क्या सभी श्रमिकों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि प्रदान की जाएगी। - दिनेश कुमार, जगन्नाथपुर।
जवाब: ऐसे लोग जो श्रम विभाग या अन्य किसी सरकारी योजना से आच्छादित नहीं हैं, उनका सर्वे चल रहा है। सचिव से संपर्क करें। सत्यापन के बाद अगर पात्र होंगे तो धनराशि भेजी जाएगी।
सवाल: वृद्धा पेंशन के लाभार्थियों के लिए क्या शासन ने कोई व्यवस्था की है। - रामलाल, गढ़ेरी।
जवाब: कोरोना वायरस से बचाव के लिए शासन सहूलियत दे रहा है। इसके लिए सभी सरकारी पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खाते में तीन माह की अग्रिम धनराशि भेजी जाएगी।
सवाल: सब्जियों और फलों की आपूर्ति तो घरों तक हो रही है, लेकिन दवा के लिए बाहर जाना है, क्या करें। - शिवप्रताप, देवी रोड।
जवाब: अगर बहुत जरूरी नहीं है तो अभी कहीं दवा लेने न जाएं। फोन पर ही चिकित्सक से सलाह लेकर दवाएं ले लें। अगर आपात स्थिति है तो उप जिलाधिकारी से पास जारी करवाकर जाया जा सकता है।