मैनपुरी। कोरोना वायरस को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को दुबई से लौटे युवक ने जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग कराई। युवक ने बिहार जाने की अनुमति मांगी। कोरोना के लक्षण न मिलने पर उसे बिहार जाने अनुमति दे दी गई।
एक युवक दुबई से 18 मार्च को जनपद लौटा। बृहस्पतिवार को वह आवास विकास स्थित अपने आवास पर पहुंचा। उसे बिहार जाना था, लेकिन उसे लगा कि वह दुबई से आया है तो उसे पहले स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट देनी चाहिए। शुक्रवार की सुबह वह जिला अस्पताल पहुंचा और उसने अपनी कोरोना वायरस की जांच कराने की मांग की। इस पर सीएमएस ने जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। बाद में सीएमओ डॉ. एके पांडेय अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और संबंधित युवक की स्क्रीनिंग की। जांच के दौरान युवक में कोरोना से संबंधित लक्षण नहीं पाए गए।
जानकारी बिहार भी भेज दी गई
एक युवक जिसे बिहार जाना था, कोरोना वायरस की जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचा था। उसकी जांच की गई। उसमें किसी प्रकार के लक्षण नहीं पाए गए। इसके बाद उसे बिहार जाने दिया गया है। साथ ही उसकी जानकारी शासन के माध्यम से बिहार भी भेज दी गई है।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ
युवक की कोरोना जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई
मैनपुरी। दिल्ली से आए युवक की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। युवक पिछले तीन दिन से आईसोलेशन वार्ड में भर्ती है। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
दिल्ली से आए युवक को बुधवार को जिला महिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। कोरोना वायरस की जांच के लिए उसका सैंपल अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। शुक्रवार दोपहर बाद युवक की रिपोर्ट जिलाधिकारी के पास पहुंच गई। जांच में युवक में कोरोना वायरस नहीं पाया गया है। रिपोर्ट आने बाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व जनपद के लोगों ने राहत की सांस ली है।
युवक के गांव को किया सैनिटाइज
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने दिल्ली से आए कोरोना संदिग्ध के गांव की एक किलोमीटर परिधि में बचाव कार्य व लोगों की जांच के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान यहां मॉकड्रिल के साथ यहां के लोगों को कोरोना के लक्षण और बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि वे बचाव के कार्य करें।
भयभीत होने की जरूरत नहीं
दिल्ली से आए युवक की कोरोना वायरस जांच निगेटिव है। जिले के लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ जागरूकता है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचा जाए। लोग जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। किसी प्रकार की अफवाहों से बचें।
महेंद्र बहादुर सिंह, जिलाधिकारी