17एमएनपी-34-विकास भवन में कोरोना को लेकर बैठक लेते सीडीओ
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना वायरस को लेकर जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं बढ़ा दी गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश के बाद जिला अस्पताल में ओपीडी सुविधा के साथ ही एक अतिरिक्त वार्ड की भी व्यवस्था की गई है।
मंगलवार को सीएमएस डॉ. आरके सागर के निर्देश पर जिला अस्पताल में कक्ष संख्या 13 में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के लिए ओपीडी की व्यवस्था की गई। यहां पर एक चिकित्सक की भी तैनाती की गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी के निर्देश पर कोरोना संदिग्धों को भर्ती कराने के लिए जिला महिला अस्पताल के रिक्त पड़े भवन में एक अतिरिक्त आइसोलेशन वार्ड की भी स्थापना की गई। इस वार्ड में जांच से पहले संदिग्धों को रखा जाएगा। सीएमएस ने जिला अस्पताल के चिकित्सकों को भी सतर्क रहने का कहा है। सीएमएस ने कोरोना संदिग्धों से कहा है कि वह अस्पताल आने से पहले स्वास्थ्य विभाग को अवगत भी करा दें जिससे कि उन्हें अन्य मरीजों से अलग रखते हुए सुरक्षित वार्ड में रखा जा सके।
घबराने की जरूरत नहीं
विभाग और जिलाधिकारी के निर्देश पर ओपीडी के साथ ही अतिरिक्त आइसोलेशन वार्ड की स्थापना कराई गई है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। अभी जिले में कोई भी कोरोना का मरीज नहीं है। सीएमओ से मुलाकात कर ओपीडी में चिकित्सक की तैनाती रहेगी।
डॉ. आरके सागर, सीएमएस